बेड़ीनाग के नागिला गांव में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम। संवाद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। धरमघर के नागिला गांव में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर भवन निर्माण का मामला सामने आया है। महिला मंगल दल की शिकायत पर राजस्व विभाग को अतिक्रमण का पता चला। पुलिस और राजस्व की टीम ने अतिक्रमण हटाया। सरकारी जमीन पर भवन निर्माण करने वालों का कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।
नागिला गांव के सरपंच चंद्रशेखर जोशी के नेतृत्व में महिला मंगल दल ने एसडीएम से वन पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण कर भवन निर्माण करने की शिकायत दर्ज कराई थी। हरकत में आई राजस्व विभाग और पुलिस की टीम बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंची। थल के नायब तहसीलदार कुंदन सिंह नयाल के नेतृत्व में टीम ने सरकारी भूमि पर बने दो टिनशेड तोड़े और पक्के भवन निर्माण के लिए डाले गए सरिया भी ध्वस्त किए।
नायब तहसीलदार कुंदन सिंह नयाल ने बताया कि सरकारी जमीन पर तीन पक्के भवनों का निर्माण किया गया था। संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। वहां राजस्व उपनिरीक्षक संजय सिंह, राहुल खाती, एसआई विनोद भट्ट, वन दारोगा कुलदीप कुमार वन सरपंच चंद्रशेखर जोशी, महिला मंगल दल अध्यक्ष कविता जोशी, हेमा लोहनी, कमला आर्या आदि थे।