बंगापानी में संचार कंपनियों का पुतला फूंकते यूकेडी कार्यकर्ता। संवाद
बंगापानी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में निजी कंपनियों के सिग्नल नहीं आने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क सही होने से जरूरतमंदों के राशन कार्ड, आय समेत अन्य प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। इससे आक्रोशित यूकेडी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर संचार कंपनियों का पुतला फूंका।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि आइडिया और एयरटेल कंपनियों के सिग्नल बार-बार कटने से लोगों की कहीं बात नहीं हो पा रही है। इंटरनेट धीमा चलने से ऑनलाइन कार्य नहीं हो पा रहे हैं। क्षेत्र में लगे बीएसएनएल के टावर शोपीस बने हुए हैं। अक्सर सिग्नल नदारद रहते हैं जबकि रिचार्ज का रुपया पूरा लिया जाता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि संचार कंपनियों ने यदि शीघ्र व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में कुशल सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह धामी, कुंदन सिंह रावत, बाला सिंह परिहार, हुकुम सिंह धामी, गणेश सिंह धामी, सोबन सिंह रावत आदि शामिल रहे। संवाद