पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में एजुकेशनल मिनिस्टीरियल कर्मियों ने मूनाकोट की खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ रैली निकालकर आक्रोश प्रकट किया। डीएम रीना जोशी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग उठाई।
सोमवार को एजुकेशनल मिनिस्टीरियल कर्मी सीईओ कार्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने यहां खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने रैली निकालकर आक्रोश प्रकट किया। मिनिस्टीरियल कर्मियों ने कहा कि मूनाकोट की खंड शिक्षा अधिकारी ने बीआरसी भवन को आवास बनाया है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी के पति पर सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। इसके बाद डीएम रीना जोशी को ज्ञापन सौंपकर मंडलीय महामंत्री धीरेंद्र पाठक, जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने शीघ्र इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राज्य में आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर प्रांतीय उपाध्यक्ष सौरभ चंद, ज्योति कुमार पांडेय, संजय पंत, कमल किशोर, संजय कुमार, मिंटू राणा, प्रकाश तड़ागी, फेडरेशन मिनिस्टीरियल कर्मी संघ के जिलाध्यक्ष विजेंद्र लुंठी, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद बल्लभ भट्ट, राजेंद्र सिंह राणा, नवीन चंद्र पाठक, पंकज खोलिया सहित कई लोग मौजूद रहे।