गुरना में सड़क कटिंग से खतरे में आया मकान।
- फोटो : AMAR UJALA
आलवेदर सड़क कटिंग के दौरान एक भवन खतरे में आ गया है। भवन की सीढ़ी और शौचालय भरभराकर धराशाई हो गए। इस दौरान मची अफरातफरी में एक महिला सहित दो सदस्य घायल होने से बाल-बाल बच गए। परिवार को फिलहाल पंचायत भवन में शिफ्ट किया गया है। भवन स्वामी की शिकायत पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। एनएच के ईई ने ठेकेदार को शीघ्र सुरक्षा दीवार लगाने के निर्देश दिए हैं।
बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान गुरना कस्बे में जेसीबी से प्रकाश भट्ट, जनार्दन भट्ट और मनोज भट्ट के भवन की नींव खोद दी। इससे शनिवार रात में जैसे ही बारिश हुई भवन की दीवार धंसने लगी। परिवार के सदस्य जैसे ही सीढ़ी से उतरने लगे सीढ़ी भी भरभराकर गिर गई। इससे आशा भट्ट और मनोज घायल होने से बाल-बाल बच गए। भवन स्वामी ने निर्माणदायी संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया है। भवन स्वामी का कहना है कि भवन से छह फीट की दूरी तक सड़क कटिंग की जानी चाहिए थी लेकिन उनके भवन की नींव तक खोद दी गई है। भवन के खतरे में आने की सूचना के बाद पुलिस कर्मियों ने भी मौका मुआयना किया। इधर एनएच के लोहाघाट डिविजन के ईई एलडी मथैला ने बताया कि मकान के खतरे में आने की सूचना उन्हें मिली है। ठेकेदार को शीघ्र उस स्थान पर सुरक्षा दीवार का निर्माण करने और आबादी वाले स्थानों में सावधानीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।