नेपाल सीमा पर नाकेबंदी के कारण लोगों को करेंसी एक्सचेंज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नेपाल के बाजार में भारतीय रुपये की कमी हो गई है। भारतीय बाजार में नेपाली मुद्रा तो बढ़ी है, लेकिन भारतीय मुद्रा की कमी हो गई है। नेपाल के जो लोग भारतीय बाजार में खरीददारी के लिए आ रहे हैं उनको नेपाली मुद्रा को एक्सचेंज में दिक्कत आने लगी है। बैतड़ी के पत्रकार नरी बड़ू ने बताया कि सोमवार को वह अपने पिता को इलाज के लिए पिथौरागढ़ ले जा रहे थे। उनको नेपाली मुद्रा एक्सचेंज में कठिनाई हुई। दो हजार रुपये नेपाली देने पर उनको 1150 रुपये भारतीय ही मिल पाए, जबकि पहले इतनी नेपाली मुद्रा में 1250 भारतीय रुपये मिल जाते थे।
नेपाल के बैतड़ी, गोठलापानी, गड़ी, साहीलेक, देहमांडू बाजार में भारतीय मुद्रा का भी प्रचलन है। मुद्रा प्रचलन के बावजूद वहां की बाजार में भारतीय मुद्रा देखने को नहीं मिल रही है। नेपाल के बैंकों में भारतीय मुद्रा एक्सचेंज की कोई सुविधा नहीं है। इस कारण स्थानीय स्तर पर सटाईबाज सक्रिय हैं। यही लोग करेंसी बदलने के नाम पर लोगों से कमीशन ले लेते हैं। मधेसी आंदोलन के कारण पश्चिमी नेपाल में भी करेंसी का अभाव हुआ है। इस समय नेपाल की बाजार में नेपाली मुद्रा तो उपलब्ध है, लेकिन भारतीय मुद्रा की किल्लत हो गई है।