पेयजल संकट के खिलाफ प्रदर्शन करते भागीचौरा के लोग
- फोटो : अमर उजाला
भागीचौरा क्षेत्र में 15 दिनों से पेयजल सप्लाई ठप है। आक्रोशित लोगों ने डीडीहाट पहुंचकर एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। क्षेत्र के लोगों को कम से कम पांच किलोमीटर दूर से पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। इस बार शीतकाल में ही पेयजल संकट गहराने से लोग संकट में हैं और गर्मियों के मौसम में पैदा होने वाली स्थिति को लेकर अभी से आशंकित हैं।
पेयजल संकट झेल रहे क्षेत्र के लोग बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के बाद उन्होंने पेयजल मंत्री प्रकाश पंत को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में मांग की गई है कि भागीचौरा के लिए बनी पेयजल योजना में आई खराबी को शीघ्र दूर किया जाए। भागीचौरा विकास संघर्ष समिति के संरक्षक भरत सिंह ऐरी और विवेक जोशी ने कहा कि यह सारी समस्या जल संस्थान की लापरवाही से पैदा हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि भागीचौरा को आने वाली पेयजल योजना 14 किमी लंबी है।
ननकूड़ी-चौंसाल भागीचौरा पेयजल योजना में वर्ष में मात्र 2 से 3 महीने ही सुचारु रूप से पानी चलता है, जबकि इस योजना की देखरेख के लिए विभाग ने तीन कर्मचारी तैनात किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जल संस्थान के अधिकारी इस योजना की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं देते। एसडीएम विवेक प्रकाश ने जल संस्थान को निर्देश दिए हैं कि दो दिन के भीतर योजना में आई खराबी को दूर किया जाए और पेयजल सप्लाई को सामान्य किया जाए।