डीडीहाट (पिथौरागढ़)। थल-डीडीहाट रामगंगा पेयजल योजना 11 साल से बहुप्रतीक्षित है। इसका पानी दो-तीन दिन में डीडीहाट पहुंच जाएगा। इसके लिये पेयजल निगम दिन-रात कार्य में जुटा है।
पिछले दो दशकों में नगर का रूप ले चुके डीडीहाट के लिए कोई बड़ी पेयजल योजना नहीं है। इसके चलते लोगों को जल संकट से जूझना पड़ता है। डीडीहाट नगर की पेयजल समस्या को देखते हुए 2011 में रामगंगा नदी से लिफ्ट पेयजल योजना स्वीकृत हुई थी। इस योजना का काम पूरा हो चुका है।
डीडीहाट पेयजल योजना का कार्य देख रहे पिथौरागढ़ पेयजल निगम के ईई रंजीत धर्मशक्तू ने बताया कि थल से भातड़ टैंक तक पानी का ट्रायल पूर्ण हो चुका है। भातड़ टैंक से डीडीहाट के मुख्य टैंक में पानी का ट्रायल किया जा रहा है। डीडीहाट नगर में बने चार टैंकों की सफाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
दो से तीन दिन में थल की रामगंगा नदी का पानी डीडीहाट के मुख्य टैंक में पहुंच जाएगा। इसके लिये विभाग ने बाकायदा तैयारी कर ली है। पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल 20 मार्च को अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर डीडीहाट पहुंच रहे हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि पेयजल निगम किसी भी हाल में 20 मार्च तक रामगंगा नदी से पानी को डीडीहाट पहुंचा देगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते स्वीकृत कराई थी यह योजना
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। क्षेत्रीय विधायक विशन सिंह चुफाल ने मार्च 2011 में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते इस योजना को स्वीकृति दिलाई थी। उस समय चुनाव आचार संहिता लगने से एक दिन पूर्व तत्कालीन पेयजल मंत्री दिवंगत प्रकाश पंत ने वर्तमान पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल के साथ डीडीहाट पहुंचकर इस योजना के निर्माण का शुभारंभ किया था।