बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। विकास खंड के दूरस्थ डोणू के ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंच उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जहां उन्होंने पेयजल योजना की जांच की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा है कि डोणू के पनमजियाली नामक स्रोत से जल संस्थान की योजना पहले से चल रही थी। जल जीवन मिशन के तहत जल निगम ने स्रोत से लगभग पांच मीटर ऊपर चैंबर बना दिया है। इससे जल संस्थान की पूर्व में बनी हुई योजना बेकार हो गई है। उस योजना से लगभग 45 परिवार लाभान्वित होते थे जो कि वर्तमान योजना के चलते पेयजल से वंचित हो गए हैं। कहा है कि गांव में तीन अन्य स्रोत भी हैं जोकि योजना से जोड़े नहीं गए हैं। इससे गांव के अन्य परिवार पेयजल से लाभान्वित नहीं है। गांव के कुछ हिस्सों में तो पानी पहुंच रहा है, लेकिन उक्त स्रोत से लाभान्वित होने वाले परिवार पूर्ण रूप से वंचित हैं। उन्हें जानवरों के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो रहा है। कहा है कि लगभग 20 परिवारों के लिए पानी का संकट बना हुआ है। उन्होंने कहा है कि पूर्व में इसकी शिकायत की गई थी जिस पर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने शीघ्र योजना की जांच कर ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश चंद्र पाठक, रमेश पाठक, राजू पाठक, हरीश चंद्र, भुवन चंद्र, ललित मोहन, प्रमोद पाठक आदि मौजूद रहे।