नैनीसैनी में भगवती का डोला लेकर आते भक्त
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के पास नैनीसैनी गांव में मंगलवार को देवी भगवती के डोले का आशीर्वाद लेने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। हर साल भैयादूज को नैनीसैनी में मेला जुटता है। आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मेले में पहुंचे। मेले में अस्थायी दुकानें लगी थी। नैनीसैनी के लोग मां नैनावती को देवी भगवती के रूप में पूजते हैं। हर साल देवी को प्रसन्न करने के लिए डोला उठता है।
मंगलवार दोपहर बाद गांव के भूमिया मंदिर से ढोल-नगाड़ों के साथ देवी का डोला लाया गया। देवडांगर भैरव सिंह महर डोले में बैठे। उन पर भगवती का अवतरण होता है। जैसे ही डोला नैनावती मंदिर के पास पहुंचा तो लोगों ने जयकारे लगाने शुरू कर दिए। लोगों ने फूल और अक्षतों से देवी की पूजा की। देव डांगर ने भी डोले से लोगों पर आशीर्वाद के रूप में अक्षत फेंके। मान्यता है कि देवी भगवती के प्रसन्न होने पर गांव में किसी प्रकार की आपदा नहीं आती। नैनीसैनी समेत सोरघाटी के अन्य गांवों में देवी भगवती को इष्टदेवी के रूप में पूजा जाता है।
मेले में भाजपा राष्ट्रीय पार्षद प्रकाश पंत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष रघुवीर सिंह, प्रधान महेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी समेत नगर से कई अन्य लोग पहुंचे थे। गांव के लोग इस आयोजन की काफी पहले से तैयारी में जुट जाते हैं। सुबह भूमिया मंदिर और नैनावती मंदिर में विशेष पूजा हुई। उसके बाद डोला निकालने की तैयारी की गई।