टनकपुर (चंपावत)। प्रमुख उप जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। तैनाती के 27 दिन बीत जाने के बाद भी चार में से मात्र दो ही विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कार्यभार संभाला है, जिससे मरीजों को निश्चेतक और अन्य जरूरी डॉक्टरों के लिए अब भी तरसना पड़ रहा है।
शासन से उप जिला अस्पताल में चार विशेषज्ञ समेत 10 चिकित्सकों की तैनाती के आदेश हुए थे, लेकिन आदेश के 27 दिन बाद भी मात्र एक नए ईएनटी चिकित्सक और स्थानांतरित होकर स्त्री रोग चिकित्सक ने ही आमद दर्ज की है।
अस्पताल में जून के अंतिम सप्ताह में स्त्री रोग विशेषज्ञ, निश्चेतक, ईएनटी विशेषज्ञ समेत 10 चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी हुए थे, इससे अस्पताल में जल्द चिकित्सा व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जगी थी लेकिन अब एक माह बीतने के बाद भी आठ चिकित्सकों की ज्वाइनिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
ईएनटी चिकित्सक डॉ. सुकृति त्रिपाठी और महिला रोग चिकित्सक डॉ. सतवंत कौर ने आमद दर्ज कर दी है जबकि आर्थो सर्जन डॉ. प्रिंस माहेश्वरी, बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. वसुधा मिश्रा, सर्जन गजेंद्र कुमार सोनी की ज्वाइनिंग का इंतजार है।
इसके अलावा स्थानांतरित होकर आने वाले चिकित्सकों में निश्चेतक डाॅ. यदुराज भट्ट, बाल रोग चिकित्सक डॉ. सुधीर कन्याल, स्त्री रोग चिकित्सक डॉ. निशा रानी, आईसीयू सेवाएं डॉ. विजय कुमार गुप्ता, स्त्री रोग चिकित्सक डॉ. बबीता जोशी ने भी आमद दर्ज नहीं की है। इसमें स्थानांतरित होकर महिला रोग चिकित्सक डॉ. सतवंत कौर ने आमद दर्ज की है।
इधर, शासन स्तर से अस्पताल से बाल रोग चिकित्सक डॉ. जितेंद्र जोशी को देहरादून, जनरल सर्जन डॉ. प्रभा जोशी को पिथौरागढ़ स्थानांतरण का आदेश जारी हुआ था, इसमें डॉ. जितेंद्र जोशी को रिलीव कर दिया है। बहरहाल नए चिकित्सकों की आमद का अभी भी इंतजार है।
-
उप जिला अस्पताल टनकपुर में अभी तक मात्र दो ही चिकित्सकों ने अस्पताल में ज्वाइनिंग की है। अन्य चिकित्सकों की ज्वाइनिंग का इंतजार है। उम्मीद है वह जल्द ही ज्वाइनिंग करेंगे।
-डॉ. घनश्याम तिवारी, सीएमएस, टनकपुर उप जिला अस्पताल