पिथौरागढ़। कनालीछीना विकासखंड के लोगों को अब इलाज के लिए भटकना नहीं होगा। विकासखंड के अंतर्गत संचालित लगभग सभी अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती हुई है। यह पहला मौका है जब किसी विकासखंड के सभी अस्पतालों में चिकित्सक होंगे। पीएचसी सहित आंणागांव, भागीचौरा, सिंगाली में चिकित्सक की तैनाती से सभी पद भर चुके हैं।
कनालीछीना विकासखंड में दो पीएचसी सहित सात अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। इनमें चिकित्सकों के 12 पद स्वीकृत हैं। आंणागांव, भागीचौरा, सिंगाली, ख्वांकोट स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों के पद रिक्त होने से क्षेत्र की 15 हजार से अधिक की आबादी को मामूली इलाज के लिए भी आठ से 40 किमी दूर पीएचसी की दौड़ लगानी पड़ रही थी। बीते दिनों आंणागांव, भागीचौरा, सिंगाली के साथ ही पीएचसी में चिकित्सक की तैनाती हुई है। ऐसे में अब क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर इलाज मिलेगा और उन्हें इसके लिए भटकना नहीं होगा। संवाद
ख्वांकोट में जल्द तैनाती लेंगे चिकित्सक
पिथौरागढ़। विकासखंड मुख्यालय से पांच किमी दूर ख्वांकोट स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से चिकित्सक का पद रिक्त है। इससे क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए पीएचसी या निजी अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ख्वांकोट स्वास्थ्य केंद्र में भी चिकित्सक की तैनाती हुई है। वह जल्द ही तैनाती लेंगे। चिकित्सक की तैनाती होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।
कोट
विकासखंड के सभी अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती हुई है जो खुशी की बात है। लोगों को स्थानीय स्तर पर इलाज मिलेगा। ख्वांकोट स्वास्थ्य केंद्र में भी चिकित्सक की तैनाती हुई है। वह जल्द तैनाती लेंगे। - डॉ. रविशंकर श्रीवास्तव, प्रभारी चिकित्साधिकारी, पीएचसी, कनालीछीना।