धारचूला (पिथौरागढ़) संयुक्त चिकित्सालय के प्रभारी डॉक्टर से एक युवक ने अभद्रता की। युवक के लिखित माफी मांगने के बाद पुलिस की मौजूदगी में समझौता हो गया।
शनिवार रात एक महिला का प्रसव हुआ। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ से हेपेटाइटिस का टीका लगाने की मांग की। अस्पताल प्रभारी डॉ. एमके जायसवाल ने बताया कि बच्चे को तय समय पर हेपेटाइटिस का टीका लगा दिया गया था। इसके बावजूद तीमारदारों के साथ आए एक युवक ने चिकित्साधिकारी के साथ अभद्रता कर उनका कॉलर पकड़ लिया। इससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में युवक ने पुलिस के समक्ष लिखित माफीनामा देकर चिकित्सक से माफी मांगी। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना था कि ऐसी परिस्थिति में डॉक्टरों का काम करना मुश्किल हो जाता है और मानसिक तनाव भी होता है।
चिकित्सा प्रभारी की सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोपी युवक ने लिखित में माफीनामा दिया। माफी मांगने पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया।
- विजेंद्र शाह, कोतवाल धारचूला।