गणाईगंगोली के नियोलियासेरा में खराब पड़ी ट्राली।
- फोटो : पिथौरागढ़
करीब सवा दो साल में भी रामपुर-नैनी सड़क पर नियोलिसेरा के पुल का पुनर्निर्माण नहीं हो पाया है। संबंधित संस्था आचार संहिता की दुहाई देकर चुप बैठी हुई है। बरसात में नदी पार कर करने के लिए लगाई गई ट्रॉली भी खराब पड़ी है। इसकी रस्सी चोरी हो गई है। ऐसे में लोगों को बरसात में खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
एक फरवरी 2017 को नियोलियासेरा में कुलूर नदी पर बना मोटर पुल एक साथ दो ट्रकों के गुजरने के दौरान ध्वस्त हो गया था। इस हादसे में पुल में बैठे दो युवकों की मौत हो गई थी। उस समय जिला प्रशासन ने तीन महीने के भीतर नया पुल बनाने का ऐलान किया था। लोग किसी तरह कुलूर नदी को पत्थरों से पाटकर वाहन संचालन कर रहे हैं। बरसात में नदी से वाहनों का आवागमन नहीं हो पाता।
बरसात में लोगों के आवागमन के लिए लोक निमार्ण विभाग ने कुलूर नदी में ट्राली लगाई है। ट्राली भी इस समय खराब पड़ी है। पुल का पुनर्निर्माण न होने से इलाके के लोगों में सरकारी तंत्र और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जबरदस्त रोष है।