जीजीआईसी में छात्राओं के साथ भोजन करते डीएम और उनकी पत्नी
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने अभिनव पहल करते हुए अपनी धर्मपत्नी अरुणिमा सिन्हा का जन्मदिन गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं के साथ मनाया। छात्राओं को इस खुशी में शामिल करते हुए उन्हें अपनी ओर से उन्हें भोजन कराया। साथ ही जीवन में सफल होने के टिप्स दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वह ग्रामीण परिवेश में पले बड़े हैं। एक गरीब किसान के घर में पैदा होकर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जिसके पास खोने के लिए कुछ न हो, जीवन में सबसे अधिक तरक्की वही व्यक्ति करता है। डीएम ने कहा कि हम सभी को जन्मदिन या विशेष अवसरों पर विद्यालय के बच्चों के साथ अपनी खुशियां बांटते हुए उनका मार्गदर्शन करना चाहिए।
जिलाधिकारी की धर्मपत्नी अरुणिमा सिन्हा ने कहा कि छात्राओं के बीच आकर छात्र जीवन की यादें ताजा हो गई हैं। उन्होंने कहा कि छात्राएं लगन से ज्ञान अर्जित करें, यही उनके लिए जन्मदिन का तोहफा होगा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अजय जोशी, उनकी धर्मपत्नी सुनीता जोशी, मुख्य विकास अधिकारी आशीष चौहान, उनकी धर्मपत्नी अनुग्रही चौहान, अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर, मुख्य शिक्षाधिकारी एके जुकरिया, पुलिस उपाधीक्षक हिमांशु साह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी जीएस धामी आदि मौजूद थे।