चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर भवनों और उपलब्ध सुविधाओं की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण में ध्यान रखा जाए कि किसी मतदाता को दो किलोमीटर से अधिक पैदल न चलना पड़े।
डीएम ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाने के लिए सघन अभियान चलाने और भावी मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। बैठक में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्या सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।