नेपाल में लॉकडाउन के कारण झूलापुल के गेट नहीं खुलने से धारचूला के साथ ही बलुवाकोट में बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों का जमावड़ा लग गया है। डीएम डॉ. विजय कुमार ने मंगलवार को धारचूला पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों के लिए ठहरने, भोजन की उचित व्यवस्था करने के निर्देश एसडीएम एके शुक्ला को दिए।
डीएम ने डीएम ने राइंका जौलजीबी, बलुवाकोट, फायर स्टेशन निंगालपानी, स्टेडियम धारचूला तथा काजी हाउस धारचूला में रह रहे लगभग 850 नेपाली नागरिकों एवं मजदूरों को भोजन वितरण करते हुए उनका हाल चाल जाना। उन्होंने कहा सभी से सामाजिक दूरी बनाए रखने को कहा। धारचूला में काली नदी किनारे बने काजी हाउस में रुके 165 मजदूरों को शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नेपाली मजदूरों से भी बातचीत की। उन्होंने सभी शिविरों में रह रहे नागरिकों को बताया कि आगामी 15 अप्रैल तक आवागमन नहीं करना है। दोनों देशों की सीमाएं भी बंद हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। डीएम ने काजी हाउस में बनाए गए राहत शिविर को मौके पर ही राबाइंका में शिफ्ट कराया। इस दौरान मौजूद एसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने सभी से लॉक डाउन का अनुपालन करने की अपील करते हुए सीओ धारचूला को काली नदी के किनारे गस्त बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ विमल आचार्य, तहसीलदार नंदन राम, नायब तहसीलदार मनीषा बिष्ट, ईओ पालिका पीएस बोहरा, थाना प्रभारी विजेंद्र साह आदि उपस्थित रहे।