आपदा प्रभावितों से मुलाकात करते डीएम सेमवाल
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने नाचनी के बहुउद्देशीय भवन में रह रहे रिंगूनियां ग्राम पंचायत के कुमालगौन के आपदा प्रभावितों से मुलाकात की। उन लोगों को विस्थापन का भरोसा दिलाया। नाचनी में कुमालगौन के पांच आपदा प्रभावित परिवार रह रहे हैं।
डीएम ने आपदा प्रभावितों को विस्थापित करने के संबंध में राजस्व निरीक्षक एमएम पंत से जानकारी मांगी। राजस्व उप निरीक्षक ने बताया कि नाचनी में राजस्व विभाग की आवासीय भवन बनाने लायक सुरक्षित जमीन नहीं है।
आपदा प्रभावित बहादुर राम ने बताया कि पिथौरागढ़ के लेलू गांव और बेड़ीनाग में कई स्थानों पर बेनाप जमीन उपलब्ध है। डीएम ने कहा इन जगहों की जांच की जाएगी। जमीन बेनाप होगी तो आवंटित की जाएगी। प्रत्येक प्रभावित को 12 मुट्ठी जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। कहीं पर नाप भूमि उपलब्ध है तो खरीदकर प्रभावितों को दी जाएगी।
सामाजिक कार्यकर्ता भगवती प्रसाद पाठक ने बागेश्वर जिले के कैंचुवा राजस्व गांव के पांच परिवारों के लिए हरड़िया के कटाव से खतरा होने का मामला उठाया। कहा कि पांच परिवार शिफ्ट कर दिए गए हैं। डीएम ने बागेश्वर के डीएम को फोन पर इसकी जानकारी दी। डीएम ने माता, पिता को खो चुके कुमालगौन के कमलेश, ललित और निर्मला के पुनर्वास का भरोसा दिलाया।
कहा कि कई संगठन इन बच्चों को गोद लेने को तैयार हैं। राजस्व विभाग ने बताया कि तीनों के नाम पर चार-चार लाख रुपये की एफडी बनाई गई है। इनके बालिग होने तक धन आहरित न करने को बैंक को पत्र लिखा गया है। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक चुफाल समेत तमाम लोग मौजूद थे।