लोहाघाट (चंपावत)। केंद्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग की 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता में लोहाघाट की दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। दिया ओली ने स्वर्ण और खुशी अधिकारी ने कांस्य पदक जीता।
स्पोर्ट्स स्टेडियम छमनियां स्थित खेलो इंडिया साई सेंटर (एथलेटिक्स) के कोच मोहन सिंह राणा ने बताया कि 22 से 25 जून तक देहरादून में प्रतियोगिता आयोजित हुई। अंडर-14 बालिका वर्ग की हाई जंप स्पर्धा में दिया ओली ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि 100 मीटर दौड़ में खुशी अधिकारी ने कांस्य पदक हासिल किया।
दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर डीएम मनीष कुमार, सीडीओ डॉ. जीएस खाती, जिला क्रीड़ाधिकारी चंदन सिंह बिष्ट तथा खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।