प्रशिक्षकों के साथ बैठक करते जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट। स्रोत: खेल विभाग
पिथौरागढ़। सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़ में जिला क्रीड़ा अधिकारी की अध्यक्षता में खेल प्रशिक्षकों के साथ 2025-26 में जनपद में संचालित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविरों की समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने सभी प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण के आरंभ और उसके बाद हर माह, त्रैमासिक आधार पर खिलाड़ियों की उपलब्धि का ब्योरा तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। एलीट खिलाड़ियों का वार्षिक लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कहा गया। पिथौरागढ़ जनपद में संचालित प्रशिक्षण शिविरों से अपेक्षित परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। इसमें और अधिक सुधार किए जाने की आवश्यकता है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने प्रशिक्षकों को कार्यालय की ओर से दी गई खेल सामग्री प्रशिक्षण में उपयोग में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि खेल प्रशिक्षण के लिए अतिरिक्त सामग्री की आवश्यकता होती है तो मांग के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत चयनित बालक-बालिका खिलाड़ियों से हर माह संवाद स्थापित करने और विभाग की ओर से संचालित स्पोर्ट्स कॉलेज, छात्रावास, खेलो इंडिया सेंटर की खेल गतिविधियों की जानकारी दिए जाने के लिए कहा गया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिता के संबंध में भी विचार विमर्श किया। स्वतंत्रता दिवस पर क्रास कंट्री, ताइक्वांडो और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी, बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, फुटबाल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने का निर्णय लिया गया।