फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला मुख्यालय में अंधड़ से मची भारी तबाही

Sun, 15 May 2016 10:27 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
अंधड़ से मची तबाही - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिला मुख्यालय में रविवार अपरान्ह करीब 3.30 बजे से 40 मिनट तक चले अंधड़ के दौरान भारी तबाही मच गई। ऐंचोली के पास पांगर का पुराना पेड़ एक कार पर जा गिरा। वहां पर बिजली का पोल भी टेढ़ा हो गया है। हनुमान मंदिर के पास स्थित जल संस्थान के पंप हाउस को जाने वाली बिजली की लाइन पर भी पेड़ गिरा है। इससे बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। वहां पर भी बिजली का एक पोल टेढ़ा हो गया। पंप हाउस की बिजली सप्लाई ठप होने से सोमवार को नगर के कई हिस्सों में पेयजल की सप्लाई प्रभावित हो जाएगी।
विज्ञापन


नगर क्षेत्र में अंधड़ के कारण अपरान्ह से कई इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। रामलीला मैदान में एक विवाह समारोह के दौरान अंधड़ से सारा टेंट, खाने, पीने का सामान उड़ गया। अंधड़ से विवाह कार्यक्रम में खलल पड़ गया। रामलीला मैदान में मोहन चंद्र खर्कवाल की बेटी के विवाह का महिला संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। अंधड़ इतना तेज था कि लोगों के घर के बाहर रखा सारा सामान तक उड़ गया।

जिला मुख्यालय में अलग-अलग स्थानों पर आठ पेड़ टूटकर गिरे हैं। बताया गया कि अंधड़ का असर अन्य इलाकों पर नहीं रहा। मौसम विभाग मौसम के इस तरह के रुख का कोई पूर्वानुमान नहीं लगा पाया था। विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी वीके बिष्ट ने कहा कि अंधड़ से नगर क्षेत्र में बिजली की लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि लाइनों को जोड़ने में लंबा समय लग सकता है।
विज्ञापन


पिथौरागढ़ जिले में बारिश का क्रम जारी
पिथौरागढ़/अस्कोट। जिले में रविवार को तमाम इलाकों में दोपहर बाद गरज के साथ बारिश हुई। जिला मुख्यालय में अपरान्ह 3.30 बजे से गरज के साथ झमाझम बारिश हुई। अस्कोट में शनिवार देर शाम ओले गिरे। रविवार दोपहर बाद अस्कोट में भी बारिश हुई। धारचूला और मुनस्यारी में शनिवार रात मूसलाधार बारिश हुई। दोनों स्थानों पर कुल 17 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। जिला मुख्यालय में 2.2 एमएम और गंगोलीहाट में 2 एमएम बारिश हुई। बेड़ीनाग और डीडीहाट में 7 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार इस समय नमी का स्तर बढ़ गया है। इस कारण स्थानीय स्तर पर बारिश होती जा रही है। इस बीच जिले में बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ चलने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर से अलर्ट जारी कर दिया है। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वह अपने स्तर से अतिरिक्त सतर्कता बरतें। इस बात का ध्यान दिया जाए कि मलबा आने से यातायात प्रभावित न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें