धारचूला (पिथौरागढ़)। तीन वर्षों से नगर की सुरक्षा के लिए खतरा बने आपदाग्रस्त एलधारा क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू हो गए हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता फरहान खान ने बताया कि 20 करोड़ की लागत से तीन माह में सुरक्षा से संबंधित निर्माण कार्य पूरे किए जाएंगे।
ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का आभार जताते हुए कहा कि निर्माण पूरा होने से नगर मुख्यालय के साथ एनएच की सुरक्षा सुनिश्चित हो जाएगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष और कांग्रेस ब्लॉक कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने बताया कि पिछले साल 29 जुलाई की आपदा में एलधारा में बोल्डर आने से मल्ली बाजार के छह घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए थे। आपदा से 10 से अधिक भवन स्वामियों एवं दुकानों को नुकसान हुआ था। तब से लोग शासन-प्रशासन से एलधारा में सुरक्षा कार्य की मांग लगातार करते आ रहे थे।
थापा ने बताया कि विधायक हरीश धामी के धरना-प्रदर्शन और अन्य जनप्रतिनिधियों के लगातार प्रयास से एलधारा में कार्य शुरू हुआ है। आपदा संघर्ष समिति के अध्यक्ष नेत्र कुंवर, नंदा बिष्ट, लक्ष्मी गुंज्याल, खड़क दानू ने सरकार का आभार जताया। उन्होंने बरसात से पहले कार्य पूरा नहीं होने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान अरुण कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर इंद्रजीत शर्मा, एई डीके सिंह, जेई अरविंद सैनी आदि मौजूद रहे।