गंगोलीहाट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र। संवाद
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही डिजिटल एक्स-रे होने लगेंगे। विधायक फकीर राम टम्टा के प्रयास से पिछले दिनों ही जिला प्लान की बैठक में एक्स-रे मशीन में सीआरडीआर सिस्टम लगाने का प्रस्ताव पास हुआ है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इसके लिए शीघ्र बजट मिलने की उम्मीद है। सीआरडीआर सिस्टम लगने के बाद मरीज एवं उनके तीमारदारों को जिला मुख्यालय या अन्य जगहों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
बता दें कि टीम एक कोशिश और व्यापार संघ की लगातार मांग के बाद पिछले साल मार्च में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 25 लाख रुपये की एक्स-रे मशीन लगाई गई। बड़ी मशक्कत के बाद उसे तीन माह में स्थापित किया जा सका लेकिन मशीन में सीआरडीआर सिस्टम नहीं लगा था।
इस कारण केवल मैनुअल काम शुरू हो पाया। डिजिटल एक्स-रे नहीं हुए। लोगों को इसके लिए बेड़ीनाग, पिथौरागढ़ की दौड़ लगानी पड़ रही थी। हालांकि टेक्नीशियन की कुशलता के चलते महीने में लगभग 100 मैनुअल एक्स-रे हो रहे हैं। अब सीआरडीआर सिस्टम लगने के बाद लोगों को सुविधाएं मिलने लगेंगी। सीएचसी प्रभारी पवन कार्की ने बताया कि डिजिटल एक्स-रे शुरू करने की तैयारी चल रही है।