गंगोलीहाट सीएचसी में होने लगे डिजिटल एक्स-रे। संवाद
गंगोलीहाट। गंगोलीहाट के साथ ही बेड़ीनाग ब्लॉक की पाताल भुवनेश्वर पट्टी की एक लाख से अधिक की आबादी के लिए राहत भरी खबर है। सीएचसी में डिजिटल एक्स-रे शुरू हो गए हैं। अब क्षेत्र के मरीजों को एक्स-रे के लिए जिला मुख्यालय और बेड़ीनाग की दौड़ नहीं लगानी होगी।
सीएचसी में एक्स-रे मशीन बीते वर्ष जुलाई में स्थापित की गई। मशीन में सीआर और डीआर सिस्टम नहीं होने से डिजिटल एक्स-रे नहीं हो रहे थे। टीम एक कोशिश, व्यापारी और क्षेत्र के लोग लंबे समय से डिजिटल एक्स-रे सुविधा शुरू करने की मांग कर रहे थे। आखिरकार उनकी आवाज सिस्टम तक पहुंची है और मशीन में सीआर, डीआर सिस्टम लगने से डिजिटल एक्स-रे शुरू हुए हैं। टीम एक कोशिश के सदस्य भूपेश पंत ने बताया कि डिजिटल एक्स-रे शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत ने कहा कि एक्स-रे मशीन में सीआर सिस्टम लग गया है। अब स्थानीय स्तर पर मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी।