शीतकाल की बर्फबारी से मुनस्यारी-दुंग पैदल मार्ग पर आवागमन के लिए बनी दो पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से माइग्रेशन पर गांव लौटने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
बर्फबारी के कारण दुंग पैदल मार्ग में पुमदयो और गौंखा गाड़ में बनी पुलिया को काफी क्षति पहुंची है। दोनों पैदल पुलों में लगी सीमेंट की रेलिंग क्षतिग्रस्त हुई है। मुनस्यारी से दुंग की दूरी 71 किमी है। दुंग जाने के लिए यही एकमात्र रास्ता है।
पुलिया क्षतिग्रस्त होने से इस माह के अंत से माइग्रेशन पर लौटने वाले लोगों के साथ ही चीन सीमा में तैनात आईटीबीपी के जवानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को मवेशियों को जंगल ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। पैदल रास्ता लोनिवि के अधीन है। लोनिवि के उपखंड अधिकारी शरद जिंदल का कहना है कि हिमस्खलन से पैदल मार्ग को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है। उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी है। जल्द ही दोनों पुलिया की मरम्मत कर ली जाएगी।