डीडीहाट में चल रही स्व. विमल जंगपांगी अनुराग साह प्राइजमनी क्रिकेट प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ का समापन हो गया है। जेएमएस डीडीहाट और डीसीए पिथौरागढ़ के बीच हुए फाइनल मुकाबले में जेएमएस की टीम 49 रन से विजयी रही।
पहले जेएमएस की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाए। जिसमें बृजेश कफलिया ने सर्वाधिक 53 गेंदों में 53 रन बनाए। डीसीए की शुरुआत काफी खराब रही। डीसीए की टीम 19 वें ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 91 रन पर बना पाई। जेएमएस की टीम पिछले तीन वर्षों से लगातार फाइनल मुकाबला जीतते आ रही है। मैन ऑफ द मैच बृजेश कफलिया और मैन ऑफ द सीरीज नीरज सौन को मिला। बेस्ट गेंदबाज के रूप में विवेक देशवाल और बेस्ट बल्लेबाज कनालीछीना टीम के पंकज कुमार चुने गए। उदीयमान खिलाड़ी चौबाटी टीम के लक्ष्य देउपा को चुना गया। अंपायर धर्मेंद्र टोलिया और दीपक कफलिया थे। स्कोरर मोहन सिंह बख्स और आंखों देखा हाल सीबीएस कन्याल, संजू पंत ने सुनाया।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक विशन सिंह चुफाल ने क्रिकेट को राज्य स्तर तक पहुंचाने के लिए डीडीहाट क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई दी। उन्होंने विजेता टीम को 50 हजार रुपये, उप विजेता टीम को 25 हजार रुपये की धनराशि नगद और पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने आयोजक मंडल को विधायक निधि से 1.5 लाख रुपये दिए। ब्लॉक प्रमुख जयंती देवी, कनिष्ठ प्रमुख प्रवीण पानू, जगदीश राम, लोकेश भड़, नगर पंचायत अध्यक्ष कवींद्र साही, क्रिकेट क्लब के सचिव सुनील साह, किशोर साह, शेखर कफलिया, वीरेंद्र कन्याल, विक्रम बिष्ट, मनोहर भड़, जोध सिंह बोरा, दान सिंह कन्याल आदि क्रिकेट प्रेमी मौजूद थे। क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने सभी का आभार जताया।