राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणनगर में कई समय से रिक्त पड़े प्रवक्ताओं के पद पर उच्च शिक्षा विभाग ने गेस्ट प्रवक्ताओं की नियुक्ति कर दी है। गेस्ट प्रवक्ताओं ने महाविद्यालय में अपना योगदान दे दिया है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डा. उमा पाठक ने बताया कि महाविद्यालय में गणित, रयायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, अर्थशास्त्र, हिंदी, समाजशास्त्र, इतिहास विषयों में प्रवक्ताओं के पद काफी लंबे समय से रिक्त पड़े थे। महाविद्यालय में इन विषयों में प्रवक्ताओं की कमी के चलते महाविद्यालय में लगातार छात्र संख्या घट रही थी। गेस्ट प्रवक्ताओं के द्वारा महाविद्यालय में अपनी नियुक्ति देने के बाद शीतकालीन अवकाश में भी कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं ताकि परीक्षाओं से पहले कोर्स को पूरा कर लिया जाए। रिक्त पड़े पदों पर गेस्ट प्रवक्ताओं की नियुक्ति पर छात्रसंघ ने भी महाविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। सभी विषयों में प्रवक्ताओं की नियुक्ति होने से महाविद्यालय में शैक्षिक माहौल में सुधार की उम्मीद बन रही है।