डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रत्याशी का भाग्य तय करने में महिला मतदाताओं की भूमिका अहम होगी। इस सीट पर पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक है। एक अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि 15 फरवरी को मतदान के दिन खेतीबाड़ी का काम न होने के कारण महिलाएं अधिक संख्या में वोट डालने आएंगी।
डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में कुल 132 बूथों में वोटरों की संख्या 79890 है, जिसमें महिला मतदाता 41255 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 38635 है। चुनाव मैदान में उतरने वाला हर दावेदार महिला वोटरों पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की एक खासियत यह है कि इसमें नगरीय क्षेत्र कम है।
डीडीहाट नगर के अलावा थल, मुवानी, कनालीछीना, देवलथल, नारायणनगर में छोटे कस्बे हैं। बाकी सारे इलाके ग्रामीण क्षेत्र में आते हैं। चुनाव के दिन महिलाएं ज्यादा संख्या में वोट देने के लिए आएं, इसके लिए निर्वाचन ने महिलाओं के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाने का फैसला लिया है।