डीडीहाट से आदिचौरा होते हुए मुनस्यारी के लिए प्रस्तावित मोटर मार्ग को शीघ्र बनाने की मांग उठने लगी है। सड़क बनने पर डीडीहाट से मुनस्यारी की दूरी मात्र 65 किलोमीटर रह जाएगी, जबकि इस समय लोगों को 100 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। सड़क बनने पर यातायात से वंचित कई गांवों के लोगों को सुविधा भी मिल जाएगी। डीडीहाट यूथ सोसायटी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सड़क का निर्माण तत्काल करने की मांग की है।
डीडीहाट यूथ सोसायटी के अध्यक्ष संजय पंत ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि डीडीहाट से मुनस्यारी को सड़क मार्ग से जोड़ने से एक नए पर्यटन रूट का निर्माण हो जाएगा। डीडीहाट-आदीचौरा-मुनस्यारी मार्ग की मंजूरी 2012-13 में मिल गई थी। लोक निर्माण विभाग ने सड़क का सर्वे कर वन एक्ट के तहत सड़क के किनारे आ रहे पेड़ों की सूची भी तैयार कर ली थी। साथ ही सड़क का नक्शा भी तैयार किया गया था। यदि यह सड़क बन जाती तो मुनस्यारी और डीडीहाट दो पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ने में मदद मिल जाती। लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी ने बताया कि इस सड़क के लिए पहले चरण में डिजिटल मैप बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
सड़क से हुए नुकसान का मुआवजा दें
पिथौरागढ़। पीएमजीएसवाई के तहत मड़मानले से धुर्चू तक बन रही सड़क का मुआवजा न मिलने से किसान परेशान हैं। सड़क निर्माण के कारण किसानों की कृषि योग्य जमीन नष्ट हो रही है। विभाग ने जब सड़क का सर्वे शुरू किया था तब कहा गया था कि किसानों को तत्काल जमीन का मुआवजा मिल जाएगा, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं दिया गया है, जबकि सड़क का निर्माण एक वर्ष से चल रहा है। जिला पंचायत सदस्य गोदावरी देवी ने जिलाधिकारी को पत्र देकर कहा कि तत्काल जमीन को हुए नुकसान का सर्वे किया जाए और हर किसान को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि मुआवजा न मिलने से किसान परेशानी में हैं।