डीडीहाट (पिथौरागढ़)। आखिरकार सीएचसी को चार साल बाद नए डॉक्टर मिले हैं। यहां दो स्थायी चिकित्सकों की नियुक्ति हुई है। इनकी नियुक्ति से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर समय से बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद जगी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट में चिकित्सकों के आठ पद स्वीकृत हैं। बमुश्किल यहां नवंबर 2021 में दो स्थायी चिकित्सकों की तैनाती हुई। दो साल के भीतर यहां तैनात बाॅन्डधारी चिकित्सकों ने सेवा छोड़ दी। ऐसे में इन्हीं दो स्थायी चिकित्सकों के भरोसे क्षेत्र की 30 हजार से अधिक की आबादी को इलाज मिल रहा था। मरीजों के सापेक्ष चिकित्सक कम होने से स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई थीं।
पर्याप्त चिकित्सक न होने से कई मरीजों को अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था। चार साल बाद यहां दो स्थायी चिकित्सकों की तैनाती हुई है। डॉ. हरीश प्रसाद और डॉ. ज्योति आर्या ने सीएचसी डीडीहाट में अपनी तैनाती दी है। अब यहां चार स्थायी डॉक्टर तैनात हुए हैं इससे स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर लौटने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों की खलेगी कमी
सीएचसी में अब तक महिला, बाल रोग सहित अन्य विशेषज्ञों की तैनाती नहीं हुई है। सामान्य चिकित्सकों के भरोसे अस्पताल में इलाज मिल रहा है। ऐसे में अब भी महिलाओं, बच्चों सहित अन्य मरीजों को विशेषज्ञों से इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचना मजबूरी होगा।
कोट
दो स्थायी चिकित्सकों की सीएचसी में तैनाती हुई है। अब यहां चार चिकित्सक तैनात हो गए हैं, जिससे मरीजों को समय से बेहतर इलाज मिलेगा। - डॉ. सरबरी, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी, डीडीहाट