ध्रुव प्रताप के कंधों पर स्टार सजाते माता-पिता। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिला चिकित्सालय में कार्यरत डॉ. भगवती पाल के बेटे ध्रुव प्रताप सिंह राघव सेना में अफसर बन गए हैं। राघव परिवार देहरादून से है और उनकी पांचवीं पीढ़ी सेना में अफसर बनी है।
ध्रुव प्रताप ने ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई से शनिवार को पास आउट किया। उनके पिता कर्नल राघवेंद्र सिंह राघव थर्ड नौवीं बटालियन बिग्रेड ऑफ द गार्डस में तैनात हैं। ध्रुव भी अपनी पिता की बटालियन में कमीशन हुए हैं। लेफ्टिनेंट ध्रुव के दादा मेजर रक्षपाल सिंह राघव सेना में एजुकेशन अफसर थे। उनके ताउ कर्नल रिपुदमन सिंह गोरखा और चाचा बिग्रेडियर रिपुमर्दन सिंह आर्टिलरी रेजीमेंट में सेवारत हैं। ध्रुव की बड़ी बहन कैप्टन सुरभि सेना की मेडिकल कोर में डॉक्टर है जबकि छोटी बहन धृति राघव एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही हैं। ध्रुव में बचपन से ही परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाने का जज्बा रहा। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा जनरल बीसी जोशी पब्लिक स्कूल से की। एमिटी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद वे ऑफिसर ट्रेनिंग के लिए चेन्नई गए। ध्रुव प्रताप की ननिहाल अस्कोट में है। उनके नाना राजेंद्र सिंह पाल सामाजिक कार्यकर्ता थे। ध्रुव की इस उपलब्धि पर अस्कोट में खुशी का माहौल है।