धारचूला में प्रदर्शन करते एसएसबी के गुरिल्ले
- फोटो : अमर उजाला
एसएसबी के प्रशिक्षित स्वयंसेवकों (गुरिल्लों) ने विभिन्न सरकारी सेवाओं में नियुक्ति एवं पेंशन की मांग को लेकर तहसील का घेराव किया और एसडीएम के माध्यम से केंद्रीय गृहमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। गुरिल्ला स्वयं सेवक कल्याण समिति के बैनर तले सैकड़ों स्वयंसेवकों ने तहसील में एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया।
संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी ने कहा कि विगत वर्ष केंद्र सरकार ने गुरिल्ला प्रशिक्षितों को सूचीबद्ध किया था तथा स्वयंसेवकों को उम्मीद जगी थी कि शायद इस बार उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी हो जाएगी। सूबे के मुख्यमंत्री ने भी कई बार स्वयंसेवकों के लिए कई घोषणाएं की थी मगर सारे वादे हवाई साबित हुए। स्वयंसेवकों का कहना वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को भारत चीन सीमाओं पर तैनात किया जाना चाहिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग में बेलदार आदि पदों पर भी सरकार स्वयंसेवकों को नियुक्ति दे सकती है। ज्ञापन देने वालों में प्रेम सिंह गुंज्याल, रूकम बिष्ट, राजेश कुटियाल, चंद्र सिंह गंडी, ठाकुर सिंह, धर्मानंद जोशी, शंकर गुंज्याल आदि शामिल थे।