धारचूला (पिथौरागढ़)। बरेली में पिछले दिनों सुशील कुमार की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले की सीबीआई जांच की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस मांग पर शिल्पकार संगठन के आह्वान पर लोगों ने नगर में प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मामले में नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय झूलापुल और बाजार बंद करते चक्का जाम की चेतावनी दी है।
दरअसल, विकासखंड के रुंग गांव निवासी सुशील कुमार बीते दिनों किसी काम से बरेली गया था। यहां बीते 15 सितंबर को संदिग्ध हालात में सड़क किनारे उसका शव पड़ा मिला। परिजनों के सुशील की हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। लंबे समय बाद भी मामले में कोई नतीजा सामने न आने पर बुधवार को क्षेत्र लोग लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने गांधी चौक, अटल चौक, मल्ली बाजार होते हुए तहसील कार्यालय तक जुलूस निकाला और मामले की सीबीआई जांच की मांग की। कहा पुलिस मामले की जांच को लेकर गंभीर नहीं है। कहा कि परिजनों ने सुशील को अपने साथ ले जाने वाले अंसार खान और बबलू खान के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वक्ताओं ने कहा कि गिरफ्तारी नहीं होने पर 26 अक्टूबर से उग्र प्रदर्शन, झूला पुल व बाजार बंद के साथ चक्का जाम किया जाएगा। इस मौके पर गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष भूपाल सिंह रावल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, अनवाल समुदाय के अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, रं महिला फोरम की अध्यक्ष निहारिका गर्ब्याल, रं कल्याण संस्था के पूर्व अध्यक्ष कृष्णा गर्ब्याल, पूर्व ब्लाक प्रमुख राधा बिष्ट और शिल्पकार संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, पुष्कर वर्मा, सौरभ मर्तोलिया, सीमांत मुस्लिम कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलशाद अहमद, रमेश टम्टा, लक्ष्मण नगपुरिया, धर्मेंद्र देवली, योगी बिष्ट, सभासद शकुंतला आगरी आदि शामिल रहे। संवाद
-
व्यापारी ने दी दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने की तहरीर
नगर में प्रतिष्ठान संचालित करने वाले विशेष समुदाय के व्यापारी रिजवान अहमद ने शिल्पकार संगठन के पदाधिकारी और अन्य लोगों पर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करने की तहरीर पुलिस में दी। उसने बताया कि संबंधित लोगों ने दुकान खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। ऐसे में वह और उसका परिवार दहशत में है। वहीं सीओ केएस रावत ने कहा कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।