देवत गांव में जंगल में लगी आग। स्रोत:फायर सर्विस
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय के नजदीक नैनीसैनी क्षेत्र में देवत गांव के पास के जंगल में आग लग गई। वनाग्नि में सैकड़ों बांज के पेड़ जलकर नष्ट हो गए। हैरानी है कि जंगलों की सुरक्षा के दावे करने वाले वन विभाग को घटना की सूचना फायर सर्विस को देनी पड़ी। फायर सर्विस ने देवत पहुंचकर आग पर काबू पाते हुए बांज के सैकड़ों पेड़ बर्बाद होने से बचा लिए।
नैनीसैनी क्षेत्र के देवत में सड़क के दोनों तरफ जंगल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने जंगल के बड़े दायरे को अपनी चपेट में ले लिया। वन विभाग ने फायर स्टेशन को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर यूनिट की टीम ने एमएफई से पंपिंग कर हॉज रील की मदद से आग बुझाना शुरू किया। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों ने जंगल में बांज के दो हजार से अधिक बांज के पौधे रोपे थे जो अब पेड़ बन गए हैं। कुछ पेड़ वनाग्नि की भेंट चढ़ गए लेकिन अधिकांश पेड़ों को सुरक्षित बचा लिया गया। फायर सीजन से पहले की जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आने से वन विभाग के साथ ही आम जन की चिंता बढ़ने लगी है।