एससीएसटी शिक्षक एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई ने बागेश्वर के दलित हत्याकांड की निंदा करते हुए घटना को देश और शिक्षक समाज के लिए घातक बताया है।
एसोसिएशन ने मृतक के परिजनों को दस लाख रुपए का मुआवजा देने के साथ ही हत्यारोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देेने की मांग की है। तय हुआ कि इस मुद्दे पर 12 अक्तूबर को बागेश्वर में होने वाली रैली में एसोसिएशन के लोग भारी संख्या में प्रतिभाग करेंगे। संगठन के ब्लाक अध्यक्ष डीके बेरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विनोद प्रसाद, संजय कुमार, महेश चंद्र समेत तमाम शिक्षक मौजूद थे।
उधर, गणाईगंगोली में बहुजन संघर्ष दल ने बैठक कर बागेश्वर कांड की घोर निंदा की। जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर दलित युवक की निर्मम हत्या करने वाले को फांसी की सजा देने की मांग की है। बहुजन संघर्ष दल के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कुमार चन्याल ने कहा कि सरकार की ओर से युवक के परिवार को सरकारी नौकरी और मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि दलित समुदाय में इस घटना को लेकर आक्रोश है। बैठक में किशोर कुमार, भुवन चंद्र, रामप्रसाद कोहली, दिनेश कुमार, रंजीत कुमार, राजेंद्र कुमार, विजय कुमार समेत तमाम लोग उपस्थित थे।