प्रवेश के मुद्दे पर प्रदर्शन करते पिथौरागढ़ कालेज के छात्र
- फोटो : अमर उजाला
कई विद्यार्थियों को प्रवेश न मिलने से नाराज छात्रों ने मंगलवार को एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रदर्शन किया और प्राचार्य का घेराव किया। बाद में छात्रों ने यह समस्या जिलाधिकारी के सामने भी रखी। छात्रों का कहना है कि 45 फीसदी से कम अंकों वाले विद्यार्थियों को प्रवेश न मिलना अन्याय है। इससे सीमांत जिले के विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित हो जाएंगे।
छात्रनेता वीरेंद्र सिंह कन्याल ने कहा कि जिले के अन्य कॉलेजों में पढ़ाई की सही सुविधा न होने के कारण ज्यादातर विद्यार्थी पिथौरागढ़ कॉलेज में प्रवेश लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार नियम इतने जटिल बनाए गए हैं कि कई विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह गए हैं। उन्होंने इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्ति के लिए वैसे भी गिनेचुने विद्यार्थी आते हैं, उनको भी प्रवेश से वंचित रखना अन्याय है।
उन्होंने कहा कि प्रवेश के इच्छुक सभी विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिला तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान छात्रनेता जगदीश धामी, गणेश दानू, रिक्की कलपासी, तरुण जोशी, अमित सामंत, सोनू सामंत, सूरज गोस्वामी, कमलेश कसनियाल आदि थे। कॉलेज में अब प्रवेश की प्रक्रिया बंद हो गई है।