पिथौरागढ़। कौशल विकास फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगी करने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के लिए युवाओं ने प्रदर्शन किया। कहा कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
शुक्रवार को आक्रोशित युवा विकल्प चंद के नेतृत्व में एसपी कार्यालय पहुंचे। एसपी को दिए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि कौशल विकास फ्रेंचाइजी के नाम पर छात्रों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई है। कुछ समय पहले दो युवकों ने कंपनी खोलकर फ्रेंचाइजी देने के बहाने गलत दस्तावेज दिखाकर पांच लाख रुपये अपने खाते में डलवाए। पिथौरागढ़ नगर सहित अन्य क्षेत्रों के 300 छात्रों से पढ़ाई, कमाई के नाम पर प्रति छात्र 2350 रुपये लिए गए हैं।
ठगी के शिकार युवाओं का कहना है कि कंपनी के निदेशकों ने कोचिंग केंद्रों से करार होने और ट्रेनिंग देने की बात कही थी, लेकिन एक भी छात्र को प्रशिक्षण नहीं दिया, बल्कि उन्हें केवल नये लोग जोड़ने को कहा गया। इस मामले में वह पूर्व में कोतवाली में तहरीर दे चुके हैं। इसके बाद भी ऐसे लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शीघ्र ठगी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर आयुष सिंह, आदित्य पांडेय, प्रदीप बोरा, मुकेश सिंह, सुंदर सिंह, रितिक चंद, कमल चंद, रश्मि चंद, सौरभ कार्की, वंदना, ज्योति धामी, चंद्रकला बसेड़ा, शिवानी भट्ट, सोनू धामी, पवन कुमार सहित कई युवा मौजूद रहे।(संवाद)
इनसेट कोट-
ठगी के मामले में कुछ युवाओं ने ज्ञापन दिया है। मामले की जांच के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है। मामले की जांच शुरू हो गई है। शीघ्र ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।
सुखबीर सिंह, एसपी पिथौरागढ़।