अस्कोट(पिथौरागढ़)। लोगों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की अनदेखी की है। लोगों ने समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को बाजार में लोगों ने एकत्र होकर क्षेत्र पंचायत सदस्य विकास भंडारी के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, बिजली सुविधा बेहाल है। 15 हजार की आबादी के लिए एक्स-रे, ब्लड टेस्ट समेत अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं हैं। इन टेस्टों के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ती है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण को लेकर 2011 में पूर्व सीएम निशंक ने घोषणा की थी। लेकिन आज तक घोषणा ही रही। क्षेत्र में बिजली कटौती भी लगातार होती रहती है। सामाजिक कार्यकर्ता तनुज पाल ने कहा कि अस्कोट-नारायण नगर सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। टनकपुर-जौलजीबी सड़क की हालत भी खराब है। अस्कोट-सैंथल लिंक रोड भी खराब है। प्रदर्शन में पूर्व प्रधान तारा सिंह बिष्ट, उमा बिष्ट, केतन कुमार, राजेंद्र चंद, अनीता देवी, योगेंद्र धामी, सौरभ पाल, मुन्नी धामी, कलावती देवी, नितेश कुमार आदि शामिल रहे।