अस्कोट(पिथौरागढ़)। पुलिस ने 2.094 किलो चरस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रविवार देर शाम थानाध्यक्ष पीआर आगरी को मुखबिर ने सूचना दी कि दो लोग चरस लेकर हेल्पिया से आगे की ओर आ रहे हैं। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एसआई हीरा सिंह डांगी के नेतृत्व में टीम का गठन किया।
इस दौरान पुलिस ने हेल्पिया मोड़ से कैलाश सिंह बोरा निवासी ग्राम पंचायत बोरा बंगापानी और लक्ष्मण सिंह निवासी सिलिंग खरतोली शेरा बंगापानी को गिरफ्तार कर लिया है। चेकिंग के दौरान पुलिस को आरोपियों से 2.094 किलो चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष पीआर आगरी ने कहा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी प्रीति प्रियदर्शनी और अपर पुलिस अधीक्षक धारचूला विमल कुमार आचार्य ने पुलिस टीम के कार्यों की सराहना की है। पुलिस टीम में कांस्टेबल योगेश वर्मा, प्रह्लाद सिंह, संजीत राणा मौजूद रहे।