मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। यूपीसीएल के लाइनमैन का मानदेय बढ़ाने की मांग के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम मुनस्यारी के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने जल्द मानदेय नहीं बढ़ाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष विक्रम दानू के नेतृत्व में यूपीसीएल के लाइनमैन शनिवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यूपीसीएल के लाइनमैन 8500 रुपये में कार्य कर रहे हैं। इतने अल्प मानदेय में परिवार चलाने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने मानदेय बढ़ाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि दो सप्ताह में मांग पूरी नहीं हुई तो सामूहिक कार्य का बहिष्कार कर यूपीसीएल के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहां जिलाध्यक्ष कांग्रेस मनोहर सिंह टोलिया, सुंदर जौहरी, कमलेश आर्य, राजकुमार आदि थे। संवाद
मीटर रीडर ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
टनकपुर (चंपावत)। ऊर्जा निगम में मीटर रीडिंग का कार्य कर रही टीडीएस कंसल्टेंट प्रा.लि. कंपनी के मीटर रीडर ने सुपरवाइजर पर शोषण किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। कंपनी प्रबंधन को भेजे शिकायती पत्र में सभी मीटर रीडर ने कहा कि वे बीते पांच साल से कंपनी में कार्य कर रहे हैं।
इसके एवज में उन्हें 5.50 रुपये प्रति मीटर मानदेय दिया जा रहा है जबकि जिले में अन्य मीटर रीडर को आठ रुपये प्रति मीटर मानदेय मिल रहा है। रीडिंग के कार्य में होने वाले वाहन खर्च, मोबाइल खर्च, प्रिंटर मेंटेनेंस का खर्च उन्हें अपनी जेब से भरना पड़ रहा है।
इसके बाद भी कंपनी के सुपरवाइजर आए दिन उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी देकर और आईडी बंद कर प्रताड़ित कर रहे हैं। शिकायत करने वालों में विकास अग्रवाल, मो. अर्श, संजय पांडेय, घनश्याम पांडेय, नरेंद्र चंद, विपिन लोहिया, रवि कुमार, अंकुर अग्रवाल शामिल हैं। संवाद
उपभोक्ता समस्या निवारण मंच में तीन शिकायतों का निस्तारण
चंपावत। ऊर्जा निगम की ओर से जिला मुख्यालय के खंडीय कार्यालय में उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच का आयोजन किया गया। न्यायिक सदस्य चामू सिंह गस्याल, तकनीकी सदस्य ओपी दीक्षित, पुष्कर सिंह रावत के समक्ष विभिन्न क्षेत्रों से आए आठ लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। अधिकांश शिकायतें विद्युत बिलों से संबंधित थीं। इनमें से तीन शिकायतों को मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहां एसडीओ संजय भंडारी, धर्मेद्र सिंह, भवान सिंह ओली आदि थे। संवाद