गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। विकासखंड के भंडारी गांव में बीते शनिवार को 10 वर्षीय बच्चे को निवाला बनाने वाले तेंदुए को आदमखोर घोषित किए जाने की मांग जिला प्रशासन से की गई है। कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा ने सोमवार को एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा।
उन्होंने कहा कि भंडारी गांव में पीड़ित भगवान राम के 10 साल के पुत्र रियांशु को आंगन से उठाने की घटना से क्षेत्र में तेंदुए का भय व्याप्त है। तीन दिन बाद भी वन विभाग की टीम तेंदुए को नहीं पकड़ पाई है और वह अब मवेशियों को निशाना बना रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कृषि कार्य से खेतों और जंगलों में जाने वाली महिलाओं में इस घटना से काफी डर बना हुआ है। उन्होंने जल्द तेंदुए को आदमखोर घोषित करने और जल्द नहीं पकड़े जाने पर क्षेत्रवासियों के साथ धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।