बनबसा। एनएचपीसी बनबसा में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक को लेकर बनबसा और टनकपुर के लोगों में उत्साह रहा। लोगों ने कहा कि जिले में पहली बार हुई कैबिनेट बैठक से स्थानीय विकास के मुद्दों को प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के सामने रखने का अवसर मिला है। उनका कहना था कि बैठक में जिले के विकास के साथ प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी मंथन हुआ जिससे विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
लोगों ने कहा कि सरकार की ओर से अलग-अलग जिलों में कैबिनेट बैठक आयोजित करना अच्छी पहल है। इससे स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और जनता की जरूरतों पर सीधे चर्चा का अवसर मिलेगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में बैठकों में स्वरोजगार, पर्यटन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
-
कैबिनेट बैठक में चंपावत जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाना सराहनीय पहल है। इससे क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। यह बैठक सरकार का जनता के लिए अच्छा संदेश है।
-केके खर्कवाल, स्थानीय, टनकपुर
इस तरह की बैठकें क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करती हैं। जिले में कैबिनेट बैठक होने से जनता को भी सरकार के स्तर पर होने वाले मंथन और लिए जाने वाले फैसलों की जानकारी मिलेगी।
-प्रमोद कुमार वर्मा, स्थानीय, टनकपुर
कैबिनेट बैठकों में युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और रोजगारपरक योजनाओं पर और अधिक चर्चा होनी चाहिए। युवाओं के लिए ठोस नीति बनाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं।
-प्रतीक, युवा, बनबसा
........
प्रत्येक जिले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित कराने की दिशा में काम होना चाहिए। कैबिनेट बैठकों में खेल नीति को और बेहतर बनाने पर चर्चा हो तो युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।
-गौरव, खिलाड़ी, युवा