मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। ग्रामीणों ने मुनस्यारी ब्लॉक के मां भराड़ी देवी मंदिर को सड़क से जोड़ने की मांग की है। इसके लिए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को धार्मिक ध्वजा और वाद्ययंत्रों के साथ मुनस्यारी नगर में जनाक्रोश रैली निकाली।
इस दौरान ढोल, दमाऊ बजाए गए। मां के जयकारे लगाकर एसडीएम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। लोनिवि के एई पीपी गोस्वामी का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी।
मां भराड़ी मंदिर समिति से जुड़े दयानंद गिरी के नेतृत्व में एकत्र ग्रामीण बृहस्पतिवार को देवी, देवताओं की ध्वजा और पारंपरिक वाद्ययंत्र लेकर मुनस्यारी पहुंचे। सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने भराड़ी मां के जयकारे लगाकर बाजार में जनाक्रोश रैली निकाली।
एसडीएम कार्यालय में सभा हुई। ग्रामीणों ने कहा कि बहुचर्चित मां भराड़ी मंदिर में कई जिलों से भक्त आते हैं लेकिन मंदिर प्रांगण तक सड़क न होने से श्रद्धालुओं को परेशानी होती है।
इसलिए वर्ष 2012 में पापड़ी गांव से मां भराड़ी मंदिर तक तीन किमी लंबी सड़क स्वीकृत हुई थी लेकिन आठ वर्ष बाद भी सड़क कटिंग का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
मंदिर कमेटी और ग्रामीणों ने कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन भी दे दिया है लेकिन टेंडर की गड़बड़ी का बहाना बनाकर ग्रामीणों को धोखे में रखा जा रहा है।
मंदिर कमेटी अध्यक्ष शोबन सिंह मेहरा ने आंदोलन की भी चेतावनी दी। इस दौरान लोनिवि के एई पीपी गोस्वामी के धरना स्थल पर पहुंचे तो यहां ग्रामीणों ने उनका घेराव किया।
तब एई के लिखित आश्वासन पर ही ग्रामीण माने। इस दौरान राजेंद्र दास्पा, तेज सिंह पापड़ा, दयाल गिरी, हीरा पंडा, भूपेंद्र मेहरा, चरण पापड़ा, हरेंद्र बर्निया, महेश रावत, खुशाल जेष्ठा, हीरा चिराल, हरीश चिराल आदि रहे।