बनबसा। बार एसोसिएशन चंपावत ने जिला जजी में अधिवक्ताओं के लिए 25 आधुनिक चैंबर बनाने की मांग की है। रविवार को बार संघ के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष भास्कर मुरारी और सचिव गुणानंद थ्वाल के नेतृत्व में बनबसा में सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में जिला जजी की स्थापना हुए करीब 24 वर्ष हो चुके हैं। इसके बावजूद अधिवक्ताओं के लिए अब तक चैंबर की व्यवस्था नहीं हो सकी है। अधिवक्ता वर्तमान में वादकारियों के लिए बनाए गए लिटीगेंट शेड में बैठकर काम करने को मजबूर हैं। पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण अधिवक्ताओं को न्यायिक कार्य निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार एसोसिएशन ने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबरों का निर्माण कराया जा चुका है, लेकिन चंपावत में यह सुविधा अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी है।
वादकारी कक्ष में अधिवक्ताओं के बैठने से दूरदराज के क्षेत्रों और दूसरे जिलों से आने वाले वादकारियों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती है। इस दौरान पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बार एसोसिएशन के प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में अशोक चौधरी, मनीषा उप्रेती, विद्याधर जोशी, त्रिभुवन सजवान आदि शामिल रहे।