पिथौरागढ़। पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर शिक्षकों के साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय में रामलीला मैदान से कलक्ट्रेट तक रैली निकाली। पुरानी पेंशन बहाली मंच के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र लुंठी के नेतृत्व में एकत्रित हुए कर्मचारियों ने कहा कि पेंशन उनका हक है जिसे देने से सरकार हाथ पीछे खींच रही है। लंबे समय से इसकी मांग के बाद भी सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। पेंशन बहाली के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। जब तक पेंशन बहाली नहीं होती वे पीछे नहीं हटेंगे।
रैली में मंच के सचिव मोहित बिष्ट, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण रावल, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वाल्दिया, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष प्रदीप भट्ट, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष केएस अधिकारी, देवेश अवस्थी, प्रीति वर्मा, दीपक वर्मा, पंकज खोलिया सहित कई कर्मचारी शामिल रहे।