डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कांग्रेस ने डीडीहाट-सिराकोट सड़क मार्ग पर डामरीकरण कार्य स्वीकृति कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द कार्यवाही न होने पर बेमियादी धरना, प्रदर्शन किया जाएगा।
सोमवार को कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बोरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीडीहाट-सिराकोट सड़क मार्ग पर डामरीकरण की स्वीकृति की मांग के लिए एसडीएम केएन गोस्वामी को ज्ञापन दिया।
उन्होंने कहा कि सिराकोट सड़क मार्ग 10 सालों से डामरीकरण की राह देख रहा है लेकिन स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल की उदासीनता के कारण इस सड़क पर डामरीकरण नहीं हो सका है।
सड़क पर डामरीकरण न होने के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम देउपा, नगर अध्यक्ष गिरधर बोरा, पूर्व अध्यक्ष ललित भंडारी, आईटी अध्यक्ष बलवंत चौहान, पूर्व निदेशक चंचल चौहान, दान सिंह चौहान, नवीन सिंह, विनोद सिंह आदि रहे।
सड़क निर्माण के लिए सीएम को दिया ज्ञापन
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। ग्रामीणों ने टुंडाचौड़ा सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में टुंडाचौड़ा, ईटाना, दुगईआगर और खेती गांव के ग्रामीणों ने श्रमदान से सड़क का निर्माण दो जेसीबी लगाकर 12 दिनों में किया।
टुंडाचौड़ा की प्रधान मनीषा बिष्ट और सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद सिंह ने देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने टुंडाचौड़ा सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) में शामिल करने की मांग की है।
इससे सड़क में डामरीकरण समेत अन्य काम हो सकें। उन्होंने कहा कि पूर्व में सड़क निर्माण के बाद सड़क को पीएमजीएसवाई में शामिल करने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजा था। सीएम कार्यालय ने विभाग से इसकी आकलन रिपोर्ट मांगी थी। ग्रामीणों ने शीघ्र कार्यवाही कर सड़क को पीएमजीएसवाई में शामिल करने की मांग की है।