फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: 15 दिन में ही क्रैश हुआ दिल्ली की सस्ती विमान सेवा का दावा

Mon, 05 May 2025 10:32 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। दिल्ली के लिए सस्ती विमान सेवा का लाभ 15 दिन में ही क्रैश हो गया।एलायंस एयर कंपनी ने पिथौरागढ़ से दिल्ली तक के किराये में 2000 से 2800 रुपये तक वृद्धि कर दी है। बढ़ा हुआ किराया 13 मई से लागू होगा।
विज्ञापन


दो हफ्ते पहले यात्रियों की नाराजगी के बाद किराया कम किया गया था। इसके बाद यात्रियों को 5000 रुपये देने पड़ रहे थे। अब टिकट के दाम फिर से कम से कम 7089 से 7,800 रुपये तक कर दिए गए हैं। बढ़े हुए किराये पर बुकिंग भी शुरू हो गई है। अधिक खर्च वहन करने में असमर्थ कई यात्री रोडवेज या टैक्सी से यात्रा करना बेहतर समझ रहे हैं।

सीमांत के लोगों के साथ ही पर्यटकों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए नैनीसैनी और पालम एयरपोर्ट के बीच 42 सीटर विमान सेवा का संचालन किया जा रहा है। पूर्व में इसका एकतरफा किराया करीब आठ हजार रुपये था। 28 अप्रैल को प्रदेश सरकार ने किराया कम कर 5000 रुपये में यात्रियों को दिल्ली का सफर कराने का निर्णय लिया था। किराया कम होने से सीमांत के लोगों में खुशी थी।
विज्ञापन

विमान सेवा की बुकिंग कराने वाले पिथौरागढ़ के अंकुर ने बताया कि नई दरों पर बुकिंग शुरू हो चुकी है। ऐसे में साफ है कि यात्रियों को विमान से दिल्ली तक का सफर तय करने के लिए अपनी जेब फिर से ढीली करनी होगी।

किराया कम करने की मांग पर हुआ आंदोलन, सदन में उठे सवाल

विमान सेवा संचालित होने के शुरुआती दौर से ही इसका किराया कम करने की मांग उठने लगी थी। एकतरफा किराया आठ हजार के करीब होने से कई बार आम जनता के साथ ही विपक्ष और विभिन्न संगठनों ने आंदोलन भी किया। सदन में भी विमान के महंगे किराये पर सवाल दागे गए और सरकार से इसे कम करने की मांग की गई। इस आक्रोश को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पिथौरागढ़ से दिल्ली तक किराया पांच हजार रुपये कर दिया था।
कोट

मौजूदा सरकार जनता को धोखा देती आ रही है। कुछ समय के लिए किराया कम कर सरकार ने जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। किराया बढ़ाना गलत है, कांग्रेस इसका विरोध करेगी। जनता को लूटने की यह सोची समझी चाल है। - अंजू लुंठी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष, पिथौरागढ़
कोट

दिल्ली रूट पर संचालित विमान सेवा का किराया पांच हजार तय किया गया था। किराया बढ़ने की जानकारी नहीं है। एयरपोर्ट अधिकारियों से बात की जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। एयरपोर्ट मैनेजर इस पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं। - गिरीश जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें