धारचूला(पिथौरागढ़)। चीन सीमा के साथ ही आदि कैलाश और दारमा, व्यास, चौंदास घाटी को जोड़ने वाली तवाघाट-धारचूला सड़क पर फिर से मलबा और बोल्डर गिर गए। ऐसे में सड़क पर सात घंटे तक आवाजाही ठप रही और हिमालयी क्षेत्रों में पूजा में गए सैकड़ों लोग फंस गए। बमुश्किल सड़क खुली तो लोग धारचूला लौट सके।
तवाघाट-धारचूला सड़क पर शनिवार सुबह पांच बजे के करीब कुलागाड़ और मलघाट में भारी मात्रा में पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिर गए। ऐसे में सड़क पर आवाजाही ठप हो गई। सड़क के दोनों तरफ बड़ी संख्या में वाहन और यात्री फंसे रहे।
वहीं दारमा और व्यास घाटी में पूजा संपन्न होने के बाद लौट रहे लोगों का भी धारचूला पहुंचना मुश्किल हो गया। सभी घंटों सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। बीआरओ ने बमुश्किल मलबा और बोल्डर हटाकर दोपहर 12 बजे के करीब आवाजाही सुचारू कराई और फंसे यात्री गंतव्य को रवाना हो सके।
शनिवार को दारमा और व्यास घाटी से 400 से अधिक लोग पूजा से लौटे। पांगला के सोबन सिंह ने बताया कि कुलागाड़ और मलघाट में पहाड़ी से लगातार बोल्डर गिर रहे हैं। ऐसे में सड़क के फिर से बंद होने की आशंका बनी हुई है।
दारमा घाटी से पूजा से लौटे दीलिंग दारमा सेवा समिति के अध्यक्ष करन सिंह ग्वाल ने बताया कि कुलागाड़ व एलागाड़ के साथ ही तवाघाट से बालिंग तक कई जगहों पर बारिश में सड़क पर जगह-जगह कीचड़ जमा होने से वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी साबित हो रही है। यदि बीआरओ पानी की उचित निकासी करता तो आवाजाही सुरक्षित होती। वहीं धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि जगह-जगह जेसीबी तैनाती की गई हैं ताकि सड़कों पर जल्द आवाजाही सुचारु कराई जा सके।