पिथौरागढ़। जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह मर्तोलिया ने एमबीबीएस के छात्र दीपराज की मौत के खुलासे की मांग की है।
जिपं सदस्य जगत ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
इसमें उन्होंने बताया कि उनका पुत्र देवराज मर्तोलिया एमबीबीएस का छात्र था। आठ नवंबर 2020 को उसका शव देहरादून के डोईवाला लच्छीवाला रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध अवस्था में मिला था।
कोतवाली पटेलनगर की पुलिस मामले की जांच कर रही थी। कोरोनेशन अस्पताल के एक चिकित्सक ने शव का पोस्टमार्टम किया था। उस पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया। इसलिए उन्होंने पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।
एसएसपी देहरादून ने पांच दिसंबर 2020 को सीएमएस कोरोनेशन अस्पताल देहरादून और सीएमओ को पत्र देकर पोस्टमार्टम के लिए पैनल गठित कर फोरेंसिक विशेषज्ञों की द्वितीय राय मांगी थी लेकिन पांच माह बाद भी द्वितीय राय के लिए समिति की बैठक तक नहीं हो सकी है।
पोस्टमार्टम की द्वितीय राय मिलने में हो रही देरी के कारण पुलिस आगे की कार्रवाई नहीं कर पा रही है। इससे उनके परिवार को न्याय मिलने में रुकावट हो रही है।
उन्होंने सीएम से सप्ताहभर में पैनल की बैठक कर द्वितीय राय दिलाने की मांग की है। अन्यथा न्यायालय में वाद दायर करने की भी चेतावनी दी है।