पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर थरकोट में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने थरकोट के पास एक व्यक्ति को अचेतावस्था में देखा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। शव की पहचान हरीश सिंह (48) पुत्र चंचल सिंह, निवासी डालमारा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि युवक एक स्थानीय काॅलेज में गार्ड के पद पर तैनात था। पूछताछ में पता चला कि वह बीती सोमवार देर रात 11 बजे के करीब ड्यूटी से घर को रवाना हुआ। सुबह उसका शव सड़क पर पड़ा मिला। उसकी मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने कहा कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। संवाद