टीएसबी राइंका देवलथल की एनसीसी कैडेट अंजलि कापड़ी का चयन गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। विद्यालय से पिछले चार सालों में तीन कैडेटों का चयन होने पर खुशी व्याप्त है।
संसाधन विहीन और ग्रामीण अंचल में स्थित होने के बावजूद राइंका देवलथल के जूनियर डिविजन के एनसीसी कैडेट बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय की एनसीसी कैडेट अंजलि कापड़ी 26 जनवरी 2019 को दिल्ली में आयोजित परेड का हिस्सा बनेंगी। परेड के लिए चयन होने पर सोमवार को प्रधानाचार्य अनुज कुमार श्रीवास्तव और एनसीसी ऑफीसर बीआर कोहली ने अंजलि को सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि लगातार तीसरी बार कैडेट का चयनित होना विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है।
इसके लिए उन्होंने एनसीसी अधिकारी बीआर कोहली की सराहना की। 80 यूके बटालियन के एडम आफीसर ले.कर्नल एचबी गुरुंग ने भी अंजलि को शुभकामनाएं दी हैं। इस दौरान केएस धामी, वीपी सिंह, जीएन विश्वकर्मा, दीपक पांडेय, एलएम चौधरी, हरीश पांडेय, जीके जोशी, सुभाष वर्मा, सीपी पांडेय, महेश पुनेठा, हेमा धामी, पीतांबरी पांडेय आदि थे।